उज्जैन। सार्थक पहल शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में ओंकार गोशाला हाटकेश्वर धाम पर एक दिवसीय गाय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी में अनंत श्री विभूषित, स्वस्तिकपीठाधीश्वर डॉ अवधेशपुरी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में विराजित रहे।
साथ ही सार्थक पहल के फाउंडर मुन्नासिंह कुशवाह एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। गौशाला संचालक शुभम अरोरा द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। डॉ. अवधेशपुरी महाराज ने मानवता के कल्याण की दूरगामी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में मनुष्य के द्वारा जिस प्रकार प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किया जा रहा है,
इसके आने वाले समय में गम्भीर दुष्परिणाम होंगे। हम यदि ऐसे ही धरती माता व गौ माता के साथ अन्याय करते रहे तो फिर हमें, कोरोना काल से भी बडे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। भारत ने सदैव से ऋषि व कृषि को अपनाकर अपना कल्याण किया है। किंतु अब हम भारतीय न तो ऋषियों, साधू-सन्तों की सुनते हैं और न ही जैविक कृषि को अपना रहे हैं।
आने वाले समय में हमें गो वंश आधारित जैविक खेती को अपनाना ही पड़ेगा तभी हम धरती की उर्वरा शक्ति की रक्षा तथा हमारी आने वाली पीढ़ियों को निरोग व खुशहाल बनाकर मानवता का कल्याण कर सकेंगे। इसके लिए गो संरक्षण व संवर्धन की निंतात आवश्यकता है,
और इस कार्य को हम सभी को मिशन के रूप में करना होगा। कार्यक्रम के अंत में महाराज श्री द्वारा गौशाला का भ्रमण किया गया तथा काऊ थेरपी को प्रत्यक्ष रूप से गिर गाय के बछड़े के साथ सभी को करके बताया। कार्यक्रम में गौशाला संचालक राजेश अरोरा, सुल्तान गोस्वामी, पं शिवम गुरु, मनोहर गिरी आदि उपस्थित थे। संचालन सुरेंद्र सिंह राजपूत द्वारा किया गया।
यह भी पढ़े: 5 नई दमदार मिडसाइज SUV कारें भारत में लॉन्च होने के लिए तैयार, जानें इनके फ़ीचर्स